रायगढ़ नगर निगम सख्त: जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने ली समय-सीमा बैठक, 100 से अधिक आवेदनों की हुई समीक्षा
[img-slider id="274450"]
रायगढ़। नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मंगलवार को समय-सीमा (टीएल) की बैठक लेकर जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के सख्त निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त 100 से अधिक आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई।
लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे के निर्देश, ऑनलाइन अपडेट अनिवार्य
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन आवेदनों का निराकरण लंबित है, उन्हें अगली बैठक से पहले हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी विभागों को आदेशित किया गया कि निराकरण की स्थिति को ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट किया जाए और आवेदकों को भी समय पर सूचना दी जाए।
सफाई, अतिक्रमण और निर्माण कार्यों पर विशेष फोकस
बैठक में नागरिकों की शिकायतों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, निर्माण कार्य और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
आयुक्त क्षत्रिय ने स्पष्ट कहा कि जन अपेक्षाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर कार्यवाही न करने पर संबंधित विभाग प्रमुख अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
बैठक में सभी अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं और जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और तेजी आवश्यक है।



