डब्ल्यूटीओ बैठक में भारत-ईयू एफटीए पर चर्चा, पीयूष गोयल ने कई देशों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

कैमरून। पीयूष गोयल ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) की 14वीं मंत्रिस्तरीय बैठक (एमसी14) के दौरान यूरोपीय संघ के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस सेफकोविच से मुलाकात कर भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में दोनों पक्षों ने एमसी14 एजेंडा के तहत प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा की और भारत-ईयू एफटीए को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेयर लेयेन द्वारा जनवरी 2026 में नई दिल्ली में घोषित किया गया था।

नाइजीरिया और ब्राजील के साथ भी हुई बातचीत
कैमरून में आयोजित इस बैठक के दौरान गोयल ने जुमोके ओडुवोले से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

इसके अलावा उन्होंने ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से भी बातचीत की, जिसमें भारत-मर्कोसुर व्यापार समझौते के विस्तार और द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को मजबूत करने पर विचार साझा किए गए।

WTO सुधार पर भारत का रुख
बैठक में भारत ने निवेश सुविधा विकास (IFD) समझौते को लेकर अपना पक्ष रखते हुए इसे WTO ढांचे में एनेक्स-4 समझौते के रूप में शामिल करने पर सहमति नहीं दी। भारत ने कहा कि यह WTO की मूल संरचना और कार्यात्मक संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

भारत ने WTO सुधार एजेंडा के तहत रचनात्मक बातचीत और बहुपक्षीय चर्चा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रवासी भारतीयों से मुलाकात
कैमरून दौरे के दौरान गोयल ने भारतीय प्रवासी समुदाय से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

Back to top button