
दो साल से फरार ट्रक मालिक अम्बिकापुर से गिरफ्तार, मामला
7.31 लाख के पाइप गबन का मामला
रायगढ़, 10 अप्रैल 2026।
रायगढ़ पुलिस को “ऑपरेशन तलाश” के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब दो साल से फरार चल रहे ट्रक मालिक गौतम साहू को पुलिस ने अम्बिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मामला अमानत में खयानत से जुड़ा है, जिसमें पहले ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जांच में खुलासा हुआ कि चालक और ट्रक मालिक की मिलीभगत से 12.500 मैट्रिक टन एम.एस. पाइप, जिसकी कीमत करीब ₹7.31 लाख है, गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय ट्रक मालिक के गोदाम में ही उतार दिया गया था।
यह मामला 25 जून 2024 को थाना पूंजीपथरा में दर्ज हुआ था, जब एस.एस. स्टील एंड पावर प्लांट पाली के सुपरवाइजर संदीप कुमार दुबे ने शिकायत की थी कि 9 जून को भेजा गया पाइप सूरजपुर नहीं पहुंचा। जांच के दौरान पुलिस ने 4 अगस्त 2024 को चालक अवधेश कुमार मेहत्ता को गिरफ्तार कर लिया था, जिसने पूछताछ में ट्रक मालिक की संलिप्तता उजागर की।
पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर पूरा माल बरामद कर लिया था, लेकिन ट्रक मालिक गौतम साहू घटना के बाद से फरार था। लगातार मुखबिर तंत्र और पुलिस की सक्रियता के चलते उसकी लोकेशन अम्बिकापुर में मिली, जहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चालक के साथ मिलकर पाइप अपने गोदाम में रखवाया और घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी बेच दिया।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। टीम में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:
“ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी लगातार जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”


