दुर्ग में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा-शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 4 किलो 750 ग्राम गांजा, देशी शराब और नकदी जब्त की गई है।


खुर्सीपार में गांजा बेचते आरोपी गिरफ्तार

खुर्सीपार थाना क्षेत्र के देवार पारा में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 2 किलो 50 ग्राम गांजा और 400 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम अमजद देवार (52) बताया और अवैध बिक्री की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।


सुपेला में गांजा तस्कर दबोचा गया

सुपेला थाना क्षेत्र में लक्ष्मी मार्केट स्थित कचरा मैदान के पास पुलिस ने एक युवक को गांजा बेचते हुए पकड़ा। आरोपी की पहचान अंबेडकर नगर निवासी सौरभ साखरे उर्फ सोनू (20) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 2 किलो 250 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है।


नंदिनी नगर में अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई

नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम गिरहोला में आनंद ढाबा के पीछे नहर किनारे अवैध शराब बेचते दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार टंडन (30) और समीर बंजारे (21) के रूप में हुई है। उनके पास से 30 पौवा देशी शराब और 4,300 रुपये नकद बरामद किए गए।


संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता

डीएसपी यदुमनी सिदार ने बताया कि गांजा तस्करी और अवैध शराब बिक्री के खिलाफ खुर्सीपार, सुपेला और नंदिनी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Back to top button