
राजपुर में नकली अंगूठी देकर सोने का लॉकेट ठगा, CCTV के आधार पर जांच शुरू
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां दो अज्ञात युवकों ने नकली सोने की अंगूठी देकर असली सोने का लॉकेट लेकर फरार हो गए। ठगे गए लॉकेट की कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्टेट बैंक के पास स्थित प्रकाश ज्वैलर्स में बुधवार शाम करीब 4 बजे दो युवक पहुंचे। उन्होंने मंगलसूत्र का लॉकेट देखने की मांग की और एक लॉकेट पसंद कर उसका वजन एवं कीमत पूछी। दुकानदार ने लॉकेट की कीमत 54,700 रुपये बताई।
इसके बाद युवकों ने सोने का एक्सचेंज करने की बात कही और एक अंगूठी दिखाकर उसकी कीमत पूछी। दुकानदार ने अंगूठी का वजन कर उसकी कीमत 57,500 रुपये आंकी। युवकों ने कहा कि वे इस अंगूठी के बदले लॉकेट लेना चाहते हैं और शेष राशि अगली खरीद में समायोजित कर लेंगे।
दुकानदार ने अंगूठी लेकर उन्हें लॉकेट दे दिया। दोनों युवक करीब 10 मिनट तक दुकान में रहे और फिर लॉकेट लेकर चले गए। बाद में जब दुकानदार ने अंगूठी की जांच की तो वह नकली निकली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। दुकानदार के अनुसार, दोनों युवक पैदल दुकान तक पहुंचे थे, जिससे आशंका है कि उन्होंने वाहन कहीं दूर खड़ा किया होगा।
इसी तरह की एक घटना 13 अप्रैल को वाड्रफनगर में भी सामने आई थी, जहां एक युवक ने नकली अंगूठी के जरिए ठगी की कोशिश की थी, लेकिन दुकानदार को संदेह होने पर वह सफल नहीं हो पाया।
पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक बाहरी हो सकते हैं और इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


