
बिलासपुर में नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट का भंडाफोड़, 5 लाख की खेप जब्त
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। व्यापार विहार इलाके में डुप्लीकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी, जिसे दिल्ली की आईटीसी टीम ने पकड़ लिया।
ग्राहक बनकर किया खुलासा
आईटीसी की टीम को पहले से सूचना मिली थी कि शहर में नकली सिगरेट बेची जा रही है। टीम ने पहले पान दुकानों से सैंपल लेकर जांच की, जिसमें सिगरेट नकली पाई गई। इसके बाद टीम ग्राहक बनकर थोक सप्लायर तक पहुंची।
5 लाख की सिगरेट जब्त
टीम ने निगम कॉलोनी के पास स्थित एक फर्म में छापा मारकर करीब 5 लाख रुपए की 4 कार्टून नकली सिगरेट बरामद की। बताया जा रहा है कि आरोपी व्यापारी शहर के छोटे-बड़े दुकानदारों को थोक में सप्लाई करता था।
रोजाना लाखों का कारोबार
जानकारी के मुताबिक नकली सिगरेट का यह कारोबार रोजाना करीब 2 लाख रुपए से ज्यादा का था। शहर के कई दुकानों तक इसकी सप्लाई हो रही थी।
पुलिस जांच जारी
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने जब्त सिगरेट को थाने में रखकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।
कैसे पहचानें नकली सिगरेट?
- पैकिंग की प्रिंटिंग और क्वालिटी अलग होती है
- होलोग्राम और कोड में गड़बड़ी होती है
- सिगरेट की बनावट और स्वाद अलग होता है
- ओरिजनल ब्रांड से मिलान करने पर अंतर स्पष्ट दिखता है
कार्रवाई की खबर मिलते ही थाने में व्यापारियों की भीड़ जुट गई, वहीं कुछ लोगों द्वारा आरोपी को बचाने की कोशिश की भी चर्चा है।


