
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस का बड़ा अभियान: 20 अप्रैल को प्रदेशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस
रायपुर। महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस अब प्रदेशभर में बड़ा अभियान चलाने की तैयारी में है। 20 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसके बाद आंदोलन और जनजागरण की रणनीति तय की जाएगी।
भाजपा पर कांग्रेस का हमला
प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपना नाम बदलकर “भारतीय झूठा पार्टी” रख लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन भाजपा इसे लागू करने के बजाय परिसीमन के नाम पर टाल रही है।
लोकसभा में नहीं पास हो सका बिल
महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पारित नहीं हो सका। बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने विरोध किया। इसे पारित करने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी।
इस प्रस्ताव में लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान रखा गया था।
पीएम मोदी ने जताया खेद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल पास नहीं हो पाने पर देश की माताओं-बहनों से माफी मांगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ पार्टियों के लिए दलहित, देशहित से ऊपर हो गया है, जिससे महिलाओं के अधिकारों को नुकसान पहुंचा है।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति के कारण महिला आरक्षण प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति इस घटनाक्रम को याद रखेगी।
जनजागरण अभियान चलाएगी कांग्रेस
कांग्रेस का कहना है कि वह इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में माहौल बनाएगी और महिलाओं के अधिकारों को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी। पार्टी नेताओं के अनुसार यह मुद्दा आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक विषय बन सकता है।
महिला आरक्षण बिल को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है, और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।


