
रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: बिहार-कोलकाता तक ट्रेस कर 128 मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
रायगढ़। जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को लेकर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना टीम ने विभिन्न राज्यों और जिलों से ट्रैक कर कुल 128 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
सीईआईआर पोर्टल से ट्रेस हुए मोबाइल
पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि ये मोबाइल बिहार, कोलकाता समेत कोरबा, जांजगीर और रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्रों में उपयोग में थे।
25 लाख से ज्यादा कीमत के मोबाइल बरामद
बरामद मोबाइल फोन में वीवो, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला जैसे ब्रांड शामिल हैं। इनकी कुल कीमत 25 लाख 60 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।
स्वामियों को लौटाए गए मोबाइल
रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यक्रम आयोजित कर इन सभी मोबाइल फोन को उनके स्वामियों को सौंपा गया। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर कई लोग भावुक हो उठे और पुलिस टीम का आभार जताया।
एसएसपी ने दी चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मोबाइल आज केवल संचार का साधन नहीं बल्कि बैंकिंग, जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी और का गुम मोबाइल उपयोग करना गैरकानूनी है।
मोबाइल मिलने पर पुलिस को दें सूचना
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को मोबाइल मिलता है तो उसे नजदीकी थाना या साइबर थाना में जमा करें, अन्यथा पुलिस ट्रैक कर संबंधित व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
इस कार्रवाई से साफ है कि रायगढ़ पुलिस तकनीकी मदद से चोरी और गुम हुए मोबाइल मामलों में तेजी से काम कर रही है और लोगों को राहत पहुंचा रही है।


