
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का अलर्ट : 5 दिन हीट वेव, रात में भी नहीं मिलेगी राहत
रायपुर। मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है, वहीं अगले 2 दिनों तक कई जगहों पर वॉर्म नाइट (गर्म रात) की स्थिति भी बनी रहेगी, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी।
ट्रफ लाइन का असर, फिर भी नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार बिहार से मध्यप्रदेश तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
हालांकि, इन गतिविधियों के बावजूद प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले 3 दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
फिलहाल राज्य में सबसे अधिक तापमान 43.8°C बिलासपुर में दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.3°C जगदलपुर में रहा।
अगले 2 दिन रहेगा शुष्क मौसम
प्रदेश में आने वाले 2 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा।
रायपुर में गर्म दिन और गर्म रात
राजधानी रायपुर में आज हीट वेव और वॉर्म नाइट दोनों की स्थिति बनने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 43°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहने की संभावना है।
सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।


