महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: 47 किलो गांजा जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार; 59 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

महासमुंद, 21 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया गया है।


47 किलो गांजा बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 47.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है।


59 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

तस्करी में उपयोग किए गए ट्रक, कार, मोबाइल और नगदी सहित कुल 59 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।


तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल

मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद मिराज और रोहित पोंड (बलांगीर, ओडिशा) तथा दीपक साहू (मुंगेली, छत्तीसगढ़) शामिल हैं।


ट्रक में छिपाकर लाई जा रही थी खेप

मुखबिर की सूचना पर कोमाखान क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे बने विशेष चेंबर और प्लास्टिक बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था।


ओडिशा से मुंगेली तक सप्लाई की योजना

पूछताछ में सामने आया कि यह खेप ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से लाई गई थी और इसे मुंगेली जिले में खपाने की योजना थी। जांच में तस्करी नेटवर्क के तार बलांगीर क्षेत्र से जुड़े पाए गए हैं।


लगातार जारी है अभियान

महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में 74 मामलों में 5685 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है और 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


सप्लाई चेन की जांच जारी

पुलिस अब इस मामले में एंड-टू-एंड जांच कर रही है, जिसमें सप्लाई चेन, सोर्स, फाइनेंशियल लिंक और डेस्टिनेशन नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की संभावना है।


Back to top button