24 घंटे में नाबालिग बरामद, शादी का झांसा देकर ले गया युवक गिरफ्तार

रायगढ़, 29 अप्रैल 2026। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


गुमशुदगी से शुरू हुई जांच

27 अप्रैल को 13 वर्षीय बालिका के लापता होने की रिपोर्ट परिजनों ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि बालिका घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। आसपास और रिश्तेदारों में खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस में शिकायत की गई।


सक्ती जिले से बरामद हुई बालिका

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी रमेश यादव (21 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।


शादी का झांसा, दुष्कर्म का आरोप

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और बालिका की पहचान करीब एक वर्ष पहले मेले में हुई थी। आरोपी लगातार संपर्क में था और खुद को अविवाहित बताता था। 27 अप्रैल को आरोपी ने बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे अपने घर ले गया।


मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 23 M 6642) और मोबाइल फोन जब्त किया है। मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।


आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button