
बिलासपुर में देर रात दर्दनाक घटना : प्रेमी-प्रेमिका ने इमारत से लगाई छलांग, युवक की मौत, युवती गंभीर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक और युवती ने तीन मंजिला इमारत से छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
EWS कॉलोनी में हुई घटना
घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित EWS कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि दोनों अभिलाषा परिसर के ब्लॉक नंबर 34 की छत पर मौजूद थे, जहां से उन्होंने छलांग लगाई।
घटना के बाद मचा हड़कंप
इमारत से गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और चीखने-चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि युवती खून से लथपथ हालत में बेहोश पड़ी थी।
युवक की पहचान, युवती की हालत नाजुक
मृतक की पहचान चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे (23 वर्ष), निवासी तिफरा के रूप में हुई है। वह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और साथ ही डिलीवरी बॉय का काम भी करता था। वहीं घायल युवती गरिमा सिंह (22) बताई जा रही है, जिसे गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीन साल से था दोनों के बीच संबंध
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों अक्सर मिलते थे।
छत पर मिले शराब के सबूत
पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल, गिलास, कपड़े, कंबल और बेडशीट बरामद हुए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने छत पर शराब पी थी।
विवाद के बाद उठाया कदम!
प्राथमिक जांच के अनुसार, शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके बाद उन्होंने छत से कूदने जैसा खतरनाक कदम उठाया। हालांकि छत का दरवाजा अंदर से बंद मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और युवती के बयान के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


