सूरजपुर में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

सूरजपुर, 9 मई 2026: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के करंजी चौकी क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी करिमन राजवाड़े (58) के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।


आम बीनने गई बच्ची के साथ वारदात

जानकारी के अनुसार बच्ची 7 मई की सुबह करीब 8 बजे आम बीनने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले करिमन राजवाड़े ने कथित तौर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद बच्ची ने घर लौटकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने रात करीब 9 बजे पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने तत्काल दर्ज किया मामला

शिकायत मिलते ही करंजी चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा चुका है और मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।


स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button