कोरबा में युवक की हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव, धारदार हथियार से हमला करने की आशंका

कोरबा, 11 मई 2026: कोरबा जिले के नवा बरपारा कोहड़िया क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर खून के धब्बे और शव घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं।


राहगीरों ने देखी लाश, पुलिस को दी सूचना

रविवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे झाड़ियों में शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतक की पहचान बसंत पटेल (37) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के सोनसरी गांव का निवासी था।


फैक्ट्री में करता था काम

जानकारी के अनुसार बसंत पिछले तीन वर्षों से कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।

मृतक के दोस्त राकेश पटेल ने बताया कि बसंत शुक्रवार सुबह फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली।


दो दिन पहले गांव से लौटा था

परिजनों के अनुसार बसंत दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे फिलहाल गांव में ही हैं।

बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं।


फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या की आशंका है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस फैक्ट्री कर्मचारियों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

Back to top button