
ऑपरेशन प्रहार के तहत 29 संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवालों की पुलिस ने की तस्दीक
रायगढ़, 10 मई 2026: रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों, चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय 29 संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवालों को थाना लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में घूमने वाले कुछ संदिग्ध कबाड़ी और फेरीवाले चोरी तथा अवैध कबाड़ गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक की गई।
फिंगरप्रिंट लेकर किया जा रहा सत्यापन
कार्रवाई के दौरान सभी 29 संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए और उनके आपराधिक रिकॉर्ड तथा गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस ने सभी व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
दोबारा संलिप्तता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने सभी संदिग्धों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में चोरी, अवैध कबाड़ खरीद-बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों में उनकी संलिप्तता पाई गई तो उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार अभियान जारी
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना पुलिस द्वारा की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी, नकबजनी और अवैध कबाड़ कारोबार जैसे अपराधों के स्रोतों पर रायगढ़ पुलिस लगातार नजर रख रही है।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


