
पंचधारी एनीकट में नहाने, पिकनिक और सेल्फी पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
रायगढ़ जिले के पंचधारी एनीकट में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी कर एनीकट क्षेत्र में कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
नहाने और पानी में उतरने पर पूर्ण रोक
जारी आदेश के अनुसार पंचधारी एनीकट के मुख्य जलभराव क्षेत्र, स्पिलवे, डाउनस्ट्रीम और आसपास के जलस्रोतों में तैराकी, स्नान, गोताखोरी, कपड़े धोने या किसी भी कारण से पानी में उतरने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने इन क्षेत्रों को अत्यधिक जोखिमपूर्ण बताते हुए लोगों को वहां जाने से बचने की अपील की है।
सेल्फी, रील और वीडियोग्राफी भी प्रतिबंधित
एनीकट के किनारे, रिटेनिंग वॉल, गेट और फिसलनयुक्त चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी लेना, वीडियोग्राफी करना, रील बनाना और फोटोग्राफी करना भी प्रतिबंधित किया गया है।
प्रशासन ने इन हिस्सों को “नो गो जोन” घोषित किया है।
शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रवेश बंद
सुरक्षा कारणों से शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक पंचधारी एनीकट और आसपास के सुनसान क्षेत्रों में आम नागरिकों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके अलावा 500 मीटर के दायरे में शराब, गांजा या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर भी रोक लगाई गई है।
पिकनिक और टूर के लिए अनुमति जरूरी
प्रशासन ने बिना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की पूर्व अनुमति के एनीकट परिसर में किसी भी प्रकार की सामूहिक पिकनिक, पार्टी, स्कूल या कॉलेज टूर के आयोजन पर भी प्रतिबंध लगाया है।
पुलिस पेट्रोलिंग और बैरिकेडिंग के निर्देश
आदेश के प्रभावी पालन के लिए पुलिस विभाग को एनीकट के मुख्य मार्गों पर चेक पोस्ट लगाने और सप्ताहांत में विशेष पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संसाधन विभाग को खतरनाक क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लंघन करने वालों पर दर्ज होगी FIR
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा।


