
धरमजयगढ़ में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, महिला सहित तीन पकड़े गए
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक महिला और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर पुलिस ने चोरी का सामान और नगदी बरामद की है।
दुकान का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार धरमजयगढ़ कॉलोनी निवासी शांतनु पाल ने थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नगदी रकम और मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए।
शिकायत में चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।
रात्रि गश्त के दौरान मिले सुराग
विवेचना के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस ने रात्रि गश्त के समय दो संदिग्ध किशोरों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में महिला आरोपी कविता सिंह राजपूत का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई।
नगदी और मोबाइल बरामद
पुलिस ने महिला आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद और एक जियो कीपैड मोबाइल बरामद किया। वहीं दोनों बालकों से 2-2 हजार रुपये नगद और एक-एक मोबाइल जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने दुकान से 32 हजार रुपये नगदी और रिपेयरिंग के लिए रखे गए कई मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
न्यायालय और किशोर न्याय बोर्ड में पेश
पुलिस ने महिला आरोपी को न्यायालय में और दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में प्रस्तुत किया है। मामले की जांच अभी जारी है।
संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की नजर
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर रायगढ़ पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और तकनीकी जांच तथा मुखबिर सूचना के आधार पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


