
तुमीडीह हत्याकांड: अधिवक्ता संघ सड़कों पर, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुमीडीह जंगल में तीन दिन पहले मिली युवती की निर्वस्त्र लाश मामले में मृतका की पहचान हो गई है। मृतका का नाम बताया जा रहा है, जो पेशे से अधिवक्ता थीं। मामले को लेकर अब अधिवक्ता संघ और परिजनों में भारी आक्रोश है।
घटना के विरोध में अधिवक्ता संघ के सदस्य पैदल मार्च करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
इस दौरान मृतका की बहन भी अधिवक्ताओं के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि आराधना सिदार का किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। घटना वाले दिन जब परिवार ने उन्हें फोन किया, तब कॉल रिसीव करने वाली एक अज्ञात युवती थी, जो मृतका की आवाज में बात करने की कोशिश कर रही थी। हालांकि परिजनों ने आवाज पहचान ली थी, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
परिजनों का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद जांच की रफ्तार धीमी है, जिससे आरोपियों द्वारा साक्ष्य मिटाने की आशंका बढ़ रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिवक्ता संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन को भी पुलिस ने संज्ञान में लिया है।


