
पूंजीपथरा हत्याकांड का खौफनाक खुलासा : शादी के विवाद में प्रेमी ने ही की थी आराधना की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल में हुई युवती की अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। चरित्र और शादी के विवाद को लेकर प्रेमी ने ही अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर और पत्थर व चाकू से वार कर बेरहमी से हत्या की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लॉज में रुके, फिर जंगल ले जाकर उतारा मौत के घाट
पुलिस हिरासत में आरोपी लोकनाथ पटेल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी साजिश का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि 9 मई की रात उसने आराधना नाम की युवती से फोन पर बात कर मिलने का प्लान बनाया था। अगले दिन 10 मई को वह आराधना से मिला और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर सक्ति ले गया। वहां एक लॉज में फर्जी नाम दर्ज कराकर दोनों रुके थे, जहां रात में उनके बीच शादी की बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ।
जंगल में दिया वारदात को अंजाम, पत्थर से दबाया शव
अगली सुबह 11 मई को आरोपी युवती को सक्ति से खरसिया और आमापाली के रास्ते तुमीडिही के जंगल ले गया। एकांत पाकर आरोपी ने पीछे से युवती का गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए भारी पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और चाकू से हमला किया। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसने मृतिका के कपड़े और सैंडल दूर फेंक दिए और शव को एक बड़े पत्थर से दबाकर फरार हो गया।
- मुख्य आरोपी: लोकनाथ पटेल, पुलिस गिरफ्त में।
- मृतिका: आराधना, निवासी रायगढ़ क्षेत्र।
- घटनास्थल: तुमीडिही का जंगल (पूंजीपथरा थाना क्षेत्र)।
- दर्ज मामला: अपराध क्रमांक 108/2026, धारा 103(1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य छुपाना) बीएनएस।
गवाहों के सामने दर्ज हुआ आरोपी का बयान
पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव की अगुवाई में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ियां जोड़ीं और आरोपी को धर दबोचा। भुवनेश्वर बंद गोस्वामी और फूलसिंह यादव की मौजूदगी में आरोपी का इकबालिया बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने पूरी क्रूरता की कहानी बयां की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामग्रियां और साक्ष्य बरामद कर आगे की वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।


