
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश, अगले 3 दिन अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिला है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में शनिवार रात मौसम अचानक बदल गया।
रायपुर में गिरे ओले, पेड़ गिरने से रास्ता बाधित
रायपुर में शनिवार रात कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। तेज आंधी के कारण केनाल रोड पर एक पेड़ गिर गया, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्ग को वन-वे कर दिया। शहर के कई हिस्सों में होर्डिंग्स गिरने और उड़ने की भी जानकारी सामने आई है।
कोरबा, धमतरी और कोंडागांव में भी बारिश
मौसम का असर केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहा। कोरबा, धमतरी, कोंडागांव और अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश का दौर चला।
कई इलाकों में बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई।
अगले 3 दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे और बढ़ने के आसार हैं।
रायपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और ऊपरी हवा के चक्रवाती सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है।
इसी के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
26 मई तक केरल पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है।
हालांकि मानसून की गति और मौसमीय परिस्थितियों के अनुसार इसमें कुछ बदलाव संभव है।


