
20 मई को रहेगी देशभर की दवाई दुकाने बंद कर रहे हैं ऑनलाइन फार्मेसी का विरोध
रायपुर =दिनांक 20 मई को All India Organisation of Chemists and Druggists के आह्वान पर एवं Chhattisgarh Chemists and Distributor association के समर्थन से देशभर की लगभग 12.5 लाख दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह महाबंद केंद्र सरकार द्वारा जारी जीएसआर 220(ई) एवं जीएसआर 817(ई) के विरोध में तथा बड़े कॉर्पोरेट घरानों द्वारा दवाओं पर दिए जा रहे असामान्य छूट, शोषणकारी मूल्य निर्धारण एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा व्यापार के खिलाफ किया जा रहा है।
भारत आज विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है। 140 करोड़ की जनसंख्या में लगभग 65 करोड़ युवा शामिल हैं। ऐसे समय में ऑनलाइन मंचों एवं ई-वाणिज्य माध्यमों पर नशीले पदार्थों, मन:प्रभावी औषधियों तथा प्रतिबंधित दवाओं की आसान उपलब्धता देश की युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। चरस, गांजा, कोकीन, हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थ ऑनलाइन माध्यमों से उपलब्ध हो रहे हैं, जबकि इनके नियंत्रण एवं निगरानी की प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं देती।
देशभर के केमिस्ट एवं दवा विक्रेता वर्षों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनता के स्वास्थ्य की रक्षा कर रहे हैं। हमारी दवा दुकानों की नियमित जांच औषधि विभाग द्वारा की जाती है। किसी भी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी किए जाते हैं तथा आवश्यक होने पर अनुज्ञापत्र निलंबित तक कर दिए जाते हैं। इसके विपरीत, ऑनलाइन माध्यमों पर बड़ी कंपनियों के शीर्ष ब्रांड की नकली एवं संदिग्ध दवाइयों की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इन मामलों की जानकारी भी प्रायः केमिस्ट संगठनों द्वारा ही संबंधित विभागों तक पहुंचाई जाती है।
यह आंदोलन केवल केमिस्टों के हितों का नहीं, बल्कि देश की जनता के स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य एवं दवा व्यवस्था की पारदर्शिता की रक्षा का आंदोलन है। हमारा उद्देश्य सरकार का ध्यान उन गंभीर समस्याओं
ओर आकर्षित करना है, जिनसे आने वाले समय में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
हम 20 मई का यह महाबंद पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे। बंद के दौरान यदि किसी मरीज को आकस्मिक या आपातकालीन स्थिति में दवा की आवश्यकता होगी, तो मानवता एवं सेवा भावना को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
देश की जनता को होने वाली असुविधा के लिए हम खेद प्रकट करते हैं, किंतु यह भी विश्वास दिलाते हैं कि देश के केमिस्ट सदैव जनता को सुरक्षित, उच्च गुणवत्ता वाली एवं प्रमाणित दवाइयाँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा संघर्ष जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, दवा व्यापार में पारदर्शिता एवं युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए है। उक्त जानकारी छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर संगठन के सचिव अविनाश अग्रवाल द्वारा दी गई ।
:::



