
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला
पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कचहरी चौक स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई।
“5 दिन में करीब 4 रुपए बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम”
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर रखी गई थीं, लेकिन दो राज्यों में सरकार बनने के बाद दामों में लगातार बढ़ोतरी शुरू हो गई।
कांग्रेस का कहना है कि पहले 3 रुपए और उसके बाद 90 पैसे की वृद्धि के साथ पिछले 5 दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 4 रुपए महंगा हो चुका है। इसका असर अब परिवहन खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों पर दिखाई देने लगा है।
“महंगाई से आम जनता परेशान”
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से हर जरूरी वस्तु की कीमत बढ़ेगी और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।
कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई, आर्थिक दबाव और बढ़ते खर्च से परेशान है, लेकिन सरकार को आम लोगों की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है।
पोस्टर और तख्तियां लेकर जताया विरोध
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग करते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने की मांग की।


