पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने प्रशासन सख्त, कंज्यूमर पंप संचालकों को जारी हुए निर्देश

रायगढ़, 21 मई 2026। जिले में आम उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में जिले में संचालित कंज्यूमर पंप संचालकों की बैठक लेकर प्रशासन ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


रिटेल पंपों पर दबाव नहीं बनने देने के निर्देश

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बैठक में कंज्यूमर पंप संचालकों को निर्देशित किया कि वे गत वर्ष के समान अपनी आवश्यकता अनुसार डीजल का लोड स्वयं मंगाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक उपयोग के लिए रिटेल आउटलेट्स से डीजल प्राप्त न किया जाए, ताकि आम नागरिकों के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध बना रहे।

कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। ऐसे में किसी भी स्थिति में रिटेल पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनना चाहिए।


निर्देशों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

बैठक में अधिकारियों को पेट्रोल-डीजल पंपों का औचक निरीक्षण करने और ईंधन की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने साफ किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 52 कंज्यूमर पंप संचालित हैं। रिटेल आउटलेट्स और बल्क कंज्यूमर के लिए निर्धारित डीजल मूल्य में अंतर होने के कारण कुछ संचालकों द्वारा रिटेल पंपों से डीजल लिया जा रहा था, जिससे स्थिति प्रभावित हुई।


आम नागरिकों से भी प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि पेट्रोल और डीजल का उपयोग केवल आवश्यकता अनुसार करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों या अनावश्यक भंडारण से बचें।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में ईंधन की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


बैठक में जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह सहित संबंधित अधिकारी और जिले के सभी कंज्यूमर पंप संचालक मौजूद रहे।

Back to top button