
नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी
रायगढ़, 21 मई 2026। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम क्षेत्र में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदारों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
15 जून तक पूरा होगा मरीन ड्राइव पुल निर्माण
कलेक्टर ने प्रगति नगर स्थित मरीन ड्राइव क्षेत्र का निरीक्षण कर निर्माणाधीन पुल कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि हर हाल में 15 जून तक पुल निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि वर्तमान में बनाए गए डायवर्सन पुल को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू की जा सके।
उन्होंने कहा कि डायवर्सन के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की गई।
नालंदा परिसर निर्माण में देरी पर नाराजगी
कलेक्टर ने नालंदा परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार को अंतिम चेतावनी दी और 30 जून तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
मिनी स्टेडियम में खेल सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
मिनी स्टेडियम पहुंचकर कलेक्टर ने सिंथेटिक ट्रैक और स्विमिंग पूल निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सिंथेटिक ट्रैक का कार्य जल्द पूरा किया जाए, जबकि स्विमिंग पूल निर्माण कार्य आगामी तीन माह में पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से खिलाड़ियों और युवाओं को आधुनिक खेल संसाधन उपलब्ध होंगे तथा शहर में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


