छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी, रायपुर दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल

रायपुर, 23 मई 2026। छत्तीसगढ़ में जेठ की भीषण गर्मी लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। प्रदेश में लगातार चौथे दिन भीषण लू चली और दिन के साथ-साथ रातों का तापमान भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। हालात ऐसे हैं कि दर्ज तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।


रायपुर दुनिया के सबसे गर्म शहरों में 19वें नंबर पर

प्रदूषण और मौसम विश्लेषण साइट एक्यूआई.इन के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे राजधानी रायपुर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ रायपुर दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गया।

शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। रात 7:30 बजे रायपुर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सूडान के खार्तूम के बाद दुनिया में दूसरा सबसे अधिक तापमान था।


भिलाई-दुर्ग भी गर्म शहरों में शामिल

शाम 7:30 बजे भिलाई और दुर्ग का तापमान भी 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहर दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में क्रमशः 11वें और 18वें स्थान पर रहे। वहीं महासमुंद में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार शुक्रवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


पश्चिमी शुष्क हवाओं से बढ़ी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क हवाओं के कारण दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। सुबह 8 बजे से ही गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लगी हैं। घरों की छतों पर रखे पानी के टैंक तक गर्म हो रहे हैं और दोपहर 12 बजे तक तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच जा रहा है।


बिलासपुर में बुजुर्ग की मौत, लू की आशंका

बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव बाजार के पास मिला है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो महीनों से जोंधरा क्षेत्र में रहकर भीख मांगकर जीवन यापन कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक बुजुर्ग दो दिनों से बीमार था और भीषण गर्मी के बीच बाजार के पास ही पड़ा हुआ था।

सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर लू से मौत की आशंका जताई जा रही है।


27 मई तक लू और तेज गर्मी के आसार

मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 27 मई तक दिन और रात के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा।

Back to top button