
कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का हथियार और विस्फोटक डंप बरामद
कांकेर/नारायणपुर, 24 मई 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले के सीमावर्ती जंगलों में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), बीएसएफ और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की संयुक्त टीमों ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की।
कोयलीबेड़ा क्षेत्र में मिला पहला नक्सली डंप
पहली कार्रवाई 22 मई को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में की गई। पल्लाहूर और जपमरका गांव के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सलियों का छिपाया गया डंप मिला।
यहां से एक कंट्रीमेड बीजीएल (बंकर ग्रेनेड लॉन्चर), 25 बीजीएल सेल, गन पाउडर, सुतली बम, वायर, नक्सली वर्दी, मेडिकल किट और अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की गई।
छोटेबेठिया इलाके में भारी मात्रा में हथियार बरामद
दूसरी कार्रवाई 23 मई को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर गांव के बीच जंगलों में की गई। सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने 3 रायफल, एक बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल सेल, बारूद, नक्सली वर्दी और बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक एवं नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए।
लगातार जारी रहेगा अभियान
सुरक्षाबलों ने बरामद सभी हथियार और विस्फोटक सामग्री को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।


