सिटी सेंटर मॉल के सामने एक्सप्रेस-वे का रास्ता खोलने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

रायपुर, 24 मई 2026। राजधानी रायपुर में सिटी सेंटर मॉल के सामने एक्सप्रेस-वे का रास्ता बीच से खोले जाने को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सड़क पर लगाए गए बैरिकेड को दोबारा बंद कर विरोध जताया।


PWD और सरकार के खिलाफ नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग (PWD), मंत्री राजेश मूणत और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक्सप्रेस-वे का रास्ता नियमों और तकनीकी मानकों के खिलाफ खोला गया है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से बने प्रोजेक्ट में मनमाने तरीके से बदलाव करना गंभीर मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह बदलाव किसके निजी हित के लिए किया जा रहा है।


भू-माफियाओं और बिल्डरों को फायदा पहुंचाने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेस-वे के मूल डिजाइन और तकनीकी स्वीकृति के विपरीत बीच में रास्ता खोलकर कुछ प्रभावशाली लोगों, निजी बिल्डरों और भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन जमीन पर कुछ अधिकारी निजी हितों के लिए नियमों को दरकिनार कर रहे हैं।


एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो संबंधित PWD अधिकारियों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

कांग्रेस ने मांग की है कि एक्सप्रेस-वे के शुरुआती सर्वे, फिजिबिलिटी रिपोर्ट और वर्तमान बदलावों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए तथा पूरा नक्शा सार्वजनिक किया जाए।


प्रदर्शन में कई नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन में सोमेन चटर्जी, हजरून बानो, कुलदीप ध्रुव, पार्षद शेख मुशीर, महताब हुसैन, कुणाल दुबे, तनिष्क मिश्रा, आदर्श राव शिंदे और रौनक तनवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Back to top button