
हीराकुंड एक्सप्रेस में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा, रायगढ़ स्टेशन पर GRP ने पकड़ी 5 लाख की खेप
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी (GRP) ने हीराकुंड एक्सप्रेस से करीब 5 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखा था। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंट्रोल रूम से मिली थी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार जीआरपी थाना रायगढ़ को कमर्शियल कंट्रोल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि अप लाइन की ट्रेन नंबर 20807 हीराकुंड एक्सप्रेस के कोच एम-1 में संदिग्ध सामान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम सक्रिय हो गई और रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार करने लगी।
बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में छिपा था गांजा
ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी टीम ने संबंधित कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोच एम-1 के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में खाकी रंग के सेलो टेप से लिपटे 10 पैकेट बरामद किए गए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया।
10 किलो से अधिक गांजा जब्त
पुलिस ने कुल 10.200 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
तस्करों का नहीं चला सुराग
कार्रवाई के दौरान और उसके बाद आसपास पूछताछ एवं पतासाजी की गई, लेकिन गांजा तस्करी में शामिल किसी भी संदिग्ध व्यक्ति का पता नहीं चल सका। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गांजा ओडिशा की ओर से लाया जा रहा था और इसे किसी अन्य स्थान तक पहुंचाया जाना था।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
जीआरपी रायगढ़ ने मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गांजे के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
फिलहाल, जीआरपी की इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद खेप को कहां से लाया गया था और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।


