
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में संघ के तरुण व्यवसायिक वर्ग का समापन, युवाओं को मिला राष्ट्र निर्माण का संदेश
रायगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय तरुण व्यवसायिक वर्ग का समापन रविवार को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 16 मई से 1 जून तक वैदिक इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में युवाओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, आत्मसंयम और सामाजिक दायित्वों का प्रशिक्षण दिया गया।
200 से अधिक सहभागियों ने लिया प्रशिक्षण
वर्ग में 107 व्यवसायी शिक्षार्थियों सहित कुल 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
स्वयंसेवकों ने किया आकर्षक प्रदर्शन
समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने समता, नियुद्ध, दंड संचालन एवं संघ घोष के साथ प्रभावशाली शारीरिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए। अनुशासन और सामूहिक समन्वय से भरपूर इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित नागरिकों और अतिथियों को प्रभावित किया।





राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करना है उद्देश्य
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री (विद्या भारती) श्रीराम अरावकर ने कहा कि तरुण व्यवसायिक वर्ग का उद्देश्य युवा वर्ग में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करना और उन्हें समाज जीवन में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि युवा देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा संघ के संस्कारों से प्रेरित होकर समाज में सेवा और संगठन के कार्यों को गति दे सकते हैं।
उन्होंने पंच परिवर्तन के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वर्तमान समय में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों के महत्व को रेखांकित किया।
15 दिन मोबाइल से दूर रहकर सीखे अनुशासन के संस्कार
श्रीराम अरावकर ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद शिक्षार्थियों ने अपना खर्च स्वयं वहन कर प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा पूरे 15 दिनों तक मोबाइल फोन से दूर रहकर आत्मसंयम, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के संस्कार अर्जित किए। उन्होंने संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके राष्ट्र समर्पित जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
2000 से अधिक समाजजन रहे उपस्थित
समापन समारोह में रायगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से दो हजार से अधिक नागरिक, व्यवसायी, प्रबुद्धजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में लोग सामूहिक रूप से बसों और कारों से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जिससे पूरे आयोजन का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बना रहा।
ये रहे प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ सिख समाज के जिला अध्यक्ष सरदार प्रीतपाल सिंह टुटेजा रहे। मंच पर सर्वाधिकारी संजय पाण्डेय, जिला संघचालक डॉ. प्रकाश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। वर्ग कार्यवाह दिलेश्वर उमरे ने प्रशिक्षण वर्ग का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि आभार प्रदर्शन व्यवस्था प्रमुख भरत साहू ने किया।
फिलहाल, 15 दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग के समापन के साथ युवाओं में राष्ट्रसेवा, सामाजिक दायित्व और संगठनात्मक चेतना का संदेश देने का प्रयास किया गया, जिसकी झलक समापन समारोह में स्पष्ट रूप से देखने को मिली।


