
बिलासपुर में घी व्यापारी से 3.50 लाख की लूट: बिरकोना रोड पर नकाबपोश बदमाशों ने चाकू और रॉड दिखाकर किया हमला, सोने की चेन भी ले उड़े
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुरुवार शाम कोनी थाना क्षेत्र में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घी व्यापारी को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर और डंडे-रॉड से हमला कर व्यापारी से 1.60 लाख रुपये नगद और सोने की चेन सहित कुल 3.50 लाख रुपये का सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
देवभोग ऑफिस जाने के दौरान बदमाशों ने बाइक को किया ओवरटेक
मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा निवासी अभिषेक गुप्ता शाम करीब 4 बजे घी खरीदने के लिए अपनी बाइक से कोनी स्थित देवभोग ऑफिस जा रहे थे। भुगतान करने के लिए उन्होंने अपने पास 1.60 लाख रुपये नगद रखे थे। जैसे ही वे बिरकोना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और उन पर अचानक हमला बोल दिया।
चाकू और कटर दिखाकर डराया, डंडे-रॉड से बेरहमी से पीटा
बदमाशों ने कारोबारी को घेरकर चाकू और कटर दिखाकर डराया, वहीं रॉडनुमा हथियार और डंडे से उनके साथ मारपीट भी की। हमले से घबराए अभिषेक खुद को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन बदमाश उनसे 1.60 लाख रुपये कैश और करीब 16 ग्राम वजनी सोने की चेन लूटकर अपनी बाइक से रफूचक्कर हो गए। लूटपाट और हमले के कारण अभिषेक लहूलुहान होकर करीब 20 मिनट तक सड़क किनारे सदमे की हालत में पड़े रहे। कुछ देर बाद उन्होंने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और अपने दोस्तों व परिजनों को सूचना दी।
सुनसान और अंधेरे का फायदा उठाते हैं अपराधी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इलाज कराने के बाद पीड़ित व्यापारी ने कोनी थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोनी थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कोनी-बिरकोना रोड पर पर्याप्त रोशनी न होने और इलाका सुनसान होने के कारण पहले भी यहां लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी हैं।



