
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की सौगात पर सराफा कारोबारियों ने जताया आभार
कोरबा। छत्तीसगढ़ सराफा व्यापार जगत के लिए राज्य सरकार द्वारा रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में 10 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित किए जाने की मंजूरी को लेकर सराफा व्यवसायियों में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी के कोरबा प्रवास के दौरान स्थानीय सराफा व्यवसायियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कोरबा के जेके ज्वेलर्स में आयोजित कार्यक्रम में सराफा व्यापारियों ने जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना को प्रदेश के आभूषण उद्योग और व्यापार के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा प्रदेश के सराफा कारोबार को नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी, कोरबा सराफा संघ के अध्यक्ष रामकुमार सोनी एवं उनकी टीम ने छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विजय सोनी, जितेन्द्र सोनी, रोहित साह, जय सोनी, मोतीलाल जैन, जयकिशन सोनी सहित सराफा व्यवसाय से जुड़े अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सराफा व्यापार के विकास और भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।



