
कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राम मंदिर चबूतरा के पास तलवार से हमला करने वाले 3 आरोपी और 1 नाबालिग गिरफ्तार, भेजे गए जेल
रायगढ़ जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। राम मंदिर करमकांड चबूतरा के पास हुई मारपीट और जानलेवा हमले की घटना में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार भी जब्त कर ली है, जिसके बाद इस पूरे प्रकरण में आम्र्स एक्ट की कड़ी धाराएं जोड़ी गई हैं।
रात के अंधेरे में चबूतरे पर बैठे दोस्तों पर किया था तलवार से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर रायगढ़ निवासी दिलीप कुमार चौबे (54 वर्ष), जो पेशे से ड्राइवर हैं, उन्होंने थाना कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 5 जून 2026 की रात करीब 12:30 बजे वे कोरबा से ड्यूटी कर लौटे थे और अपने मित्र गौतम सिंह के साथ राम मंदिर करमकांड चबूतरा में बैठे हुए थे। इसी दौरान देर रात करीब 3 बजे भावेश निषाद उर्फ बिट्टु अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करते हुए तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दिलीप चौबे के दाहिने पैर और गौतम सिंह के बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने धांगरडीपा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों को दबोचा
प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल धांगरडीपा क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी भावेश निषाद सहित उसके अन्य साथियों को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान यह बात साफ हुई कि आरोपियों ने स्कूटी का उपयोग कर तलवार से हमला किया था, जिसके बाद मामले में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।
सभी आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर, ये हुए गिरफ्तार:
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल (न्यायिक रिमांड) भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूची इस प्रकार है:
- भावेश निषाद उर्फ बिट्टु (20 वर्ष) – निवासी दुर्गा चौक, धांगरडीपा, रायगढ़।
- विशाल यादव (18 वर्ष 08 माह) – निवासी शंकर नगर, धांगरडीपा, रायगढ़।
- साई यादव (20 वर्ष) – निवासी शंकर नगर, धांगरडीपा, रायगढ़।
- एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)।
गुंडागर्दी और हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर बरती जाएगी सख्ती: एसएसपी
इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में गुंडागर्दी, हथियारों के प्रदर्शन और आम जनता के बीच भय का माहौल पैदा कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस की यह दंडात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने मातहत अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे गंभीर मामलों में किसी भी प्रकार की ढील या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



