एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक में छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल की चर्चा, सीएम साय ने रखी बस्तर की उपलब्धियां

रायपुर। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मुख्यमंत्रियों की बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राज्य में हो रहे विकास कार्यों तथा विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में चल रहे नवाचारों की जानकारी साझा की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में विकास, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक संरक्षण को साथ लेकर कई महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों से आदिवासी अंचलों की संस्कृति को नई पहचान मिली है। साथ ही युवाओं में खेल और सकारात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि क्षेत्र के लोगों को विकास का सीधा लाभ मिल सके।

बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए कहा कि प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर क्षेत्र, आने वाले वर्षों में विकास और जनकल्याण का एक सफल मॉडल बनकर उभरेगा।

Back to top button