बस को ओवरटेक करना पड़ा भारी, आमने-सामने भिड़ीं बाइकें; युवक के सिर में घुसा फुटरेस्ट
कटर मशीन से काटकर निकाला गया लोहे का हिस्सा, गंभीर हालत में रायपुर रेफर
बालोद। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर पालिका कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बस को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक का फुटरेस्ट युवक के सिर में घुस गया। काफी मशक्कत और कटर मशीन की मदद से फुटरेस्ट काटकर घायल को बाहर निकाला गया। घटना बालोद थाना क्षेत्र की है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार पाररास वार्ड क्रमांक-1 निवासी वामेन साहू (35) नगर पालिका में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार सुबह वह काम से लौटकर घर जा रहे थे।
गणेश मंदिर के पास उन्होंने एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक का अंदाजा नहीं लगने पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
सिर में घुस गया बाइक का फुटरेस्ट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वामेन साहू उछलकर दूसरी बाइक पर जा गिरे और बाइक का लोहे का फुटरेस्ट उनके सिर में धंस गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को निकालने का प्रयास किया, लेकिन फुटरेस्ट बुरी तरह फंस जाने के कारण सफलता नहीं मिली।
कटर मशीन से काटकर निकाला गया हिस्सा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर कटर मशीन मंगाई गई। काफी सावधानी के साथ बाइक के फुटरेस्ट को काटा गया, जिसके बाद घायल को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दंपती को आई मामूली चोटें
दूसरी बाइक में घुमका निवासी पुनाराम यादव (45) अपनी पत्नी भगवंतीन यादव (40) के साथ आमापारा स्थित रिश्तेदार के घर आ रहे थे।
हादसे के दौरान दोनों सामने से आ रही बाइक को बचाने की कोशिश में सड़क किनारे नाली में गिर गए। दुर्घटना में दंपती को मामूली चोटें आईं, लेकिन उनकी बाइक का फुटरेस्ट वामेन साहू के सिर में फंस गया।
परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य
स्थानीय लोगों के अनुसार वामेन साहू स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका में हेल्पर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है। परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और दो बेटे हैं, जिनकी उम्र लगभग 10 और 12 वर्ष बताई जा रही है।
वामेन परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं, जिससे हादसे के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने बताई हादसे की वजह
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई वहां सड़क अपेक्षाकृत संकरी है। बस के पीछे होने के कारण सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई।
जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल युवक का रायपुर में उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और ओवरटेकिंग के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।


