नवप्रवेशी विद्यार्थियों के आत्मीय स्वागत के साथ पंचपारा संकुल में मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

तिलक वंदन कर बच्चों का किया अभिनंदन, वितरित की गई पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश

[img-slider id="274450"]

विद्यालयों में गूंजीं बच्चों की किलकारियां, नए शिक्षा सत्र का हुआ उत्साहपूर्ण शुभारंभ

रायगढ़, 17 जून 2026/ ग्रीष्मावकाश के पश्चात नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के साथ पंचपारा संकुल के सभी प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूलों में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक वंदन कर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरित कर अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मनीष सिन्हा, स्थानीय सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक चंदन लगाकर अभिनंदन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
शाला प्रवेशोत्सव के साथ ही संकुल के सभी विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन कार्य भी प्रारंभ हो गया। लंबे अवकाश के बाद विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल और किलकारियों से पुनः जीवंत नजर आए। विद्यार्थियों में नए सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालयों में भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, गुरु वंदना, गायत्री मंत्र एवं दीप मंत्र का सामूहिक गायन किया गया। वहीं मध्यान्ह भोजन से पूर्व भोजन मंत्र के साथ विद्यार्थियों को भोजन कराया गया तथा विद्यालय की छुट्टी राज्य गीत एवं शांति पाठ के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती चंद्रकांता खरे, संकुल समन्वयक श्री श्रवण साव, विभिन्न विद्यालयों के प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण का संदेश दिया।

Back to top button