रायगढ़ के व्हाइट रोज होटल में मारपीट का वीडियो वायरल, दोनों पक्षों पर काउंटर FIR दर्ज

होटल संचालक और पड़ोसी युवक के बीच विवाद बढ़ा, पुलिस कर रही मामले की जांच

[img-slider id="274450"]

रायगढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित व्हाइट रोज होटल में होटल संचालक और पड़ोसी युवक के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना 9 और 10 जून की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक युवक होटल के रिसेप्शन क्षेत्र में पहुंचकर होटल संचालक से विवाद और मारपीट करते दिखाई दे रहा है।

बोतल फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद

रामबाग क्षेत्र निवासी अरुण कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके घर के समीप संचालित व्हाइट रोज होटल की ओर से अक्सर खाली शराब की बोतलें उनके घर की तरफ फेंकी जाती थीं। उनका कहना है कि 9 जून की रात भी ऐसी ही घटना हुई, जिसका विरोध करने पर होटल संचालक सूरज सिंह और उसके सहयोगी द्वारा उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने होटल संचालक और उसके सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

होटल संचालक ने भी दर्ज कराई शिकायत

दूसरी ओर होटल संचालक सूरज सिंह ने भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि 10 जून की रात कुशल अग्रवाल जबरन होटल के रिसेप्शन में घुस आया और विवाद करते हुए मारपीट की। संचालक का आरोप है कि इस दौरान उसे धमकियां दी गईं और होटल परिसर में नुकसान भी पहुंचाया गया।

सूरज सिंह के अनुसार घटना के दौरान उनके साथ हाथापाई हुई, जिससे उन्हें चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुशल अग्रवाल और अरुण अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

मोहल्लेवासियों ने भी सौंपा ज्ञापन

घटना के बाद क्षेत्र के कुछ निवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नाम आवेदन सौंपकर होटल संचालन से संबंधित विभिन्न शिकायतें दर्ज कराई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो फुटेज तथा संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button