आबकारी कार्यालय में कर्मचारियों के शराब सेवन का वीडियो वायरल, जांच के निर्देश
खैरागढ़ कलेक्टर परिसर स्थित कार्यालय का मामला, एडीएम बोले- जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खैरागढ़। जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित आबकारी विभाग के कार्यालय में पदस्थ दो कर्मचारियों का कथित रूप से शराब सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्यसंस्कृति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में आबकारी विभाग के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पुरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों कर्मचारी कार्यालयीन समय के दौरान विभागीय परिसर में शराब का सेवन कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो सामने आने के बाद जिलेभर में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और जांच अभी बाकी है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि आबकारी विभाग ही जिले में शराब के विक्रय, नियंत्रण और नियमों के पालन की निगरानी करता है। ऐसे में विभागीय कर्मचारियों पर ही कार्यालय परिसर में शराब सेवन के आरोप लगने से विभाग की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि कुछ समय पहले खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय से भी कर्मचारियों के कथित रूप से शराब सेवन का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने मांग की है कि यदि जांच में वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कार्यालयों में गलत संदेश न जाए।
एडीएम ने दिए जांच के निर्देश
मामले पर खैरागढ़ एडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने संबंधित आबकारी अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले पर सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



