रायगढ़ जेल बंदी मौत मामले की जांच करने पहुंची कांग्रेस की 6 सदस्यीय समिति
परिजनों, जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से की मुलाकात, प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
रायगढ़। रायगढ़ जिले में बंदी संजय बघेल की संदिग्ध मौत के मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित 6 सदस्यीय जांच समिति बुधवार को रायगढ़ पहुंची। समिति ने मृतक के परिजनों, जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले को लेकर विभिन्न पक्षों से चर्चा के बाद समिति ने तथ्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले की जांच के लिए सरायपाली विधायक चातुरी नंद की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राणलहरे, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नागेंद्र नेगी तथा जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव शामिल हैं।
जांच समिति सबसे पहले मृतक संजय बघेल के परिजनों से मिलने उनके निवास पहुंची। इस दौरान परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद समिति ने जिला जेल पहुंचकर प्रभारी जेल अधीक्षक से चर्चा की और मामले से संबंधित जानकारी ली।
बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से भी मुलाकात कर मामले की जांच और अब तक की कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं जांच समिति के सदस्य शाखा यादव ने बताया कि समिति सभी पक्षों से चर्चा और तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा जाएगा।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार कोतरारोड़ थाना पुलिस ने 10 जून को शराब से जुड़े एक मामले में ग्राम नवापारा निवासी संजय बघेल (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 13 जून को उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया था। परिजनों का आरोप है कि हिरासत और जेल के दौरान संजय बघेल के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि एक सामाजिक कार्यक्रम से पुलिस दो लोगों को पूछताछ के लिए ले गई थी। उनका दावा है कि एक व्यक्ति को छोड़ दिया गया, जबकि उनके बेटे को हिरासत में रखा गया। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत भी सौंपी थी।
दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
शिकायत के बाद एसएसपी ने मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया था। वहीं पुलिस ने अपने पक्ष में कोतरारोड़ थाने का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध फुटेज में संजय बघेल के साथ किसी प्रकार की मारपीट दिखाई नहीं दे रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और विभिन्न स्तरों पर तथ्य जुटाए जा रहे हैं।



