हाई कोर्ट की ज्यूडिशियल असिस्टेंट परीक्षा में आलोक कुमार शर्मा ने किया प्रदेश में टॉप

तमनार के ग्राम करमागढ़ के युवा ने फिर बढ़ाया रायगढ़ जिले का गौरव

[img-slider id="274450"]

रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम करमागढ़ निवासी आलोक कुमार शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित ज्यूडिशियल असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और जिले में खुशी की लहर है।

आलोक कुमार शर्मा के पिता का नाम परमानंद शर्मा है। वे वर्तमान में पंचायत संचालनालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आलोक आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आलोक ने व्यापम द्वारा आयोजित संयुक्त भर्ती परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था। वहीं इसी वर्ष अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) द्वारा आयोजित कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE) में देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

आलोक कुमार शर्मा अब तक विभिन्न विभागों एवं संस्थानों द्वारा आयोजित 8 से 10 प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। इनमें अधिकांश परीक्षाओं में उन्होंने शीर्ष 10 अभ्यर्थियों में स्थान बनाकर अपनी मेहनत, अनुशासन और अध्ययनशीलता का परिचय दिया है।

सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार सफलता अर्जित कर रहे आलोक ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धियां ग्रामीण अंचल के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित कर रही हैं।

आलोक कुमार शर्मा की इस उल्लेखनीय सफलता पर परिवारजनों, शुभचिंतकों, मित्रों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Back to top button