स्कूल खुलते ही यातायात पुलिस सख्त, नाबालिगों के वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई

सक्ती।

[img-slider id="274450"]
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही यातायात पुलिस सक्ती ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से विशेष अपील की है कि नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल न भेजें। पुलिस ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर यातायात प्रभारी वाय.एन. शर्मा अपनी टीम के साथ नगर के विभिन्न स्कूलों में पहुंचे। इस दौरान स्कूल संचालकों, प्राचार्यों, वाहन चालकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही स्कूल प्रबंधन को सभी दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात प्रभारी वाय.एन. शर्मा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को स्वयं स्कूल छोड़ने और लेने का प्रयास करें तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। उन्होंने कहा कि यह मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन होने के साथ-साथ बच्चों के जीवन और भविष्य को जोखिम में डालने जैसा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों को समझाइश दी गई है, लेकिन भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में अभिभावकों और संबंधित स्कूल प्रबंधन की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

यातायात पुलिस ने सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

Back to top button