डीजल-पेट्रोल की कमी के विरोध में किसानों की ट्रैक्टर रैली आज, बीजापुर तक होगा प्रदर्शन
बीजापुर। जिले में डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ईंधन संकट से खेती-किसानी के कार्य प्रभावित होने के विरोध में किसानों ने सोमवार को एक दिवसीय ट्रैक्टर रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है। रैली को लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ नैमेड पहुंचने लगे हैं।
किसानों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से कृषि कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। खेतों में आवश्यक कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी भी भैरमगढ़ से ट्रैक्टर चलाकर नैमेड पहुंचे। किसानों के साथ उनकी मौजूदगी से आंदोलन को और मजबूती मिली है।
किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली नैमेड से बीजापुर तक निकाली जाएगी। इस दौरान किसान नैमेड स्थित रेड्डी पेट्रोल पंप तथा बीजापुर के जीवीआर, लुंकड़ और पवार पेट्रोल पंप का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
इसके बाद नया बस स्टैंड बीजापुर में आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें किसान अपनी समस्याओं और मांगों को रखेंगे। आमसभा के पश्चात किसान रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
रैली और प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना नैमेड सहित अन्य क्षेत्रों से पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसानों के इस आंदोलन को लेकर जिले के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ईंधन आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



