नकली शराब मामले के फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित, संपत्ति कुर्की की तैयारी में पुलिस

रायगढ़।

[img-slider id="274450"]
रायगढ़ पुलिस ने नकली शराब के संगठित नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले या उसकी सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार थाना कोतरारोड़ में दर्ज नकली शराब प्रकरण में आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है।

240 लीटर नकली शराब के साथ हुआ था बड़े गिरोह का खुलासा

गौरतलब है कि 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट से भरे ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की गई थी।

मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।

स्प्रिट और रंग मिलाकर तैयार की जाती थी नकली शराब

जांच में सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था और उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी। शराब का रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री की जाती थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी बरामद की थीं।

घर पर चस्पा किया गया नोटिस

पुलिस टीम 17 जून को आरोपी विनय सिंह ठाकुर के विकास नगर स्थित निवास पहुंची थी, लेकिन मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।

संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की तैयारी

फरार आरोपी पर दबाव बढ़ाने के लिए पुलिस ने उसकी चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस संबंध में जिला पंजीयक एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी को पत्र भेजकर संपत्ति संबंधी जानकारी मांगी गई है। आवश्यक जानकारी मिलने के बाद न्यायालय में संपत्ति कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ संपत्ति कुर्की सहित कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

Back to top button