ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी नेटवर्क का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
रायगढ़।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जून 2026 को थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में की गई छापेमारी के दौरान महिला तस्कर चम्पा यादव के कब्जे से 0.818 किलोग्राम गांजा एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान चम्पा यादव ने गांजा चिंतामणी उर्फ चेता यादव से खरीदकर बिक्री करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया गया, जिससे गांजा सप्लाई नेटवर्क की पुष्टि हुई।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर कापू पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चम्पा यादव को 6,500 रुपये में गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,000 रुपये नकद, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल का आरसी कार्ड तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस केवल मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



