सर्व ब्राह्मण समाज की भव्य शपथ ग्रहण एवं कोर कमेटी की बैठक रविवार को
*बेमेतरा। सर्व ब्राह्मण समाज की आगामी कार्ययोजना और संगठन विस्तार को लेकर दिनांक 28 जून, रविवार को दोपहर 12 बजे पुराना रेस्ट हाउस बेमेतरा में एक महत्वपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह एवं कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सर्व ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित मिश्रा और अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव शशिकांत तिवारी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश, संभाग और जिला कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण होगा और उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, कोर कमेटी के सदस्यों का परिचय सत्र भी संपन्न होगा, जिसमें समाज की आवामी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में संगठन को मजबूती देने के लिए साजा, बेरला और बेमेतरा ब्लॉक हेतु प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, जिन्हें एक महीने के भीतर तीनों ब्लॉकों में कार्यकारिणी गठित करने का लक्ष्य दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, चारों विधानसभाओं और ब्लॉकों के लिए अध्यक्ष, कार्यकारिणी तथा महिला, युवा, किसान एवं पुरोहित मंच का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम में बेमेतरा जिला कार्यकारिणी के लिए कोषाध्यक्ष की नियुक्ति, भवन निर्माण हेतु भूमि चयन के लिए 10 सदस्यीय टीम का गठन और समाज की जनगणना (प्रपत्र भरने) के लिए परिक्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति पर विशेष जोर रहेगा। अध्यक्ष डां शिरीष शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी सदस्यों से इस महत्वपूर्ण बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है।

