पुरानी रंजिश में दो पक्षों में फिर विवाद, महिलाओं से मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का आरोप

1जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की और बाहर खड़ी कार व बाइक में तोड़फोड़ की। घटना में घायल महिलाओं को डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी यादव और केंवट परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट मुलमुला थाने में दर्ज कराई गई थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुराने मामले में लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। समझौता नहीं करने पर शुक्रवार को कुछ लोग उनके घर में घुस आए और महिलाओं के साथ लाठी-डंडों व मुक्कों से मारपीट की। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मुलमुला पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अकलतरा एसडीओपी प्रदीप सोरी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Back to top button