बेमेतरा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार दंपती को मारी टक्कर, गंभीर हालत में रायपुर रेफर

बेमेतरा। बेमेतरा-कवर्धा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार को कारेसरा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में साइकिल से जा रहे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने तक दोनों बेहोशी की हालत में थे।

घायलों की पहचान रामान निषाद और उनकी पत्नी विद्या निषाद के रूप में हुई है। दोनों ग्राम बेहरघाट से साइकिल के जरिए अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान कारेसरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीणों ने समय रहते दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उन्हें तत्काल उपचार मिल सका। फिलहाल दोनों का रायपुर में इलाज जारी है।

Back to top button