मुंगेली: बाड़ी में हो रही अवैध गांजा खेती का खुलासा, ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। जिले की जरहागांव थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम अमोरा स्थित मनियारी नदी किनारे एक सब्जी बाड़ी में उगाए गए गांजे के पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमोरा निवासी एक व्यक्ति अपनी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बाड़ी से गांजे के तीन हरे पौधे मिले। गवाहों की मौजूदगी में पौधों की पहचान कर उन्हें जड़ सहित उखाड़कर जब्त किया गया। जब्त गांजे का कुल वजन 3.650 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में भैयालाल धुरी (60) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई। अभियान के माध्यम से जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, गांजा खेती और नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button