रायगढ़: तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर चक्काजाम
रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजा तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टपरदा निवासी शंकरध्वज निषाद (40) किसी काम से बड़े भंडार रोड की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान चंद्रपुर से रायगढ़ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। पुलिस ने बताया कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

