रायगढ़: बाइक चोरी का खुलासा, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; दो पल्सर बाइक जब्त
चोरी की बाइक के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
रायगढ़। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी पल्सर बाइक भी जब्त की है। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
घर की परछी से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा निवासी आशीष कुमार बान्डेकर ने 27 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी बजाज पल्सर 125 (CG-13-BD-2757) को 26 जून की रात घर की परछी में खड़ा किया था। अगले दिन सुबह मोटरसाइकिल गायब मिली। शिकायत के आधार पर पूंजीपथरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
संदिग्ध युवक से पूछताछ में खुला राज
जांच के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच महुआ चौक, तुमीडीह के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम राम सिदार (30), निवासी ग्राम चिराईपानी, थाना पूंजीपथरा बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पेट्रोल खत्म होने पर चुराई दूसरी बाइक
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी करने के इरादे से अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (CG-13-AY-7026) से पूंजीपथरा आया था। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर उसने अपनी बाइक रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपा दी। इसके बाद पूंजीपथरा बस्ती में एक मकान की परछी से बजाज पल्सर चोरी कर अपने घर ले जाकर छिपा दी।
दो बाइक बरामद, आरोपी भेजा गया जेल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गई बाइक बरामद की। साथ ही रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल की गई उसकी पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव एवं उनकी टीम ने की। पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।


