रायगढ़ : आदतन झगड़ा-मारपीट करने वाले सात युवकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भेजे गए जेल
तमनार क्षेत्र में शांति भंग की आशंका पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एसडीएम न्यायालय से जारी हुआ जेल वारंट
रायगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तमनार थाना पुलिस ने आदतन झगड़ा-मारपीट और शांति भंग करने वाले सात युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल वारंट जारी होने पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
समझाइश के बाद भी नहीं सुधरे युवक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तमनार क्षेत्र में लगातार झगड़ा-मारपीट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों की शिकायतों की समीक्षा की। इसके बाद चिन्हित युवकों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई।
शांति भंग की आशंका पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद दोबारा शांति भंग करने की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 सहपठित धारा 123 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन युवकों पर हुई कार्रवाई
जेल भेजे गए आरोपियों में चूड़ामणि गुप्ता (23) निवासी ग्राम बिजना, मनीष कुमार यादव (21) निवासी गोहड़ीडीपा, नारायण दास महंत (41) निवासी सरईटोला, मनीष कुमार यादव (26) निवासी पहाड़ उठेकेलो उदगम (थाना लैलूंगा), नरेंद्र पटनायक (25) निवासी गोढ़ी तथा कमल किशोर सिदार (23) निवासी गोढ़ी सहित कुल सात युवक शामिल हैं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में एएसआई सुरतीलाल सिदार एवं पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है। आदतन झगड़ा-मारपीट, गुंडागर्दी और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


